तापमान में वृद्धि की सम्भावना, येलो अलर्ट जारी, मार्च में ही जून जैसे गर्मी का एहसास, बंगाल की खाड़ी में बने एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से सिंकिंग इफेक्ट – वैज्ञानिक

एनपीटी,
रांची, झारखण्ड की राजधानी रांची में बीते 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा एवं दोपहर में कड़ी धूप ने होली का मजा किरकिरा कर दिया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और उमस के कारण लोगों को असहजता का सामना करना पड़ा। यदि शनिवार के मौसम की बात करे तो अधिकतम तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है, जिससे गर्मी और बढ़ेगी। राजधानी रांची स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसकी वजह से सिंकिंग इफेक्ट देखा जा रहा है। यह प्रभाव सीधे तौर पर मौसम पर असर डाल रहा है और इसकी वजह से मार्च में ही मई जैसी गर्मी महसूस हो रही है। इस बार मार्च में ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जाने की सम्भावना जताई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस गर्मी से बचने के लिए वे अधिक सतर्क रहे और खुद को सुरक्षित रखे। झारखण्ड के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम, पलामू, गढ़वा, धनबाद, बोकारो, जामताड़ा, और दुमका जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सुझाव दिया है, खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक। इस समय के दौरान घर से बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है। यदि बाहर जाना जरूरी हो, तो लोगों को पूरी तरह से ढंककर और हाइड्रेट होकर बाहर निकलने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही, सूरज के सीधे सम्पर्क से बचने की सलाह भी दी जा रही है। सूबे के गोड्डा जिला में पारा 41 डिग्री तक जा सकता है, जो राज्य में सबसे अधिक तापमान होगा। यहां के निवासियों को विशेष रूप से सचेत रहने की आवश्यकता है। दोपहर के समय यदि घर से बाहर निकलने की जरूरत न हो, तो बेहतर होगा कि लोग घर में ही रहे। गोड्डा का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे रात में भी गर्मी महसूस हो सकती है। पिछले 24 घंटे में झारखण्ड के बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। वही, खूंटी में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री तक गिरा, जो सूबे का सबसे ठंडा तापमान था। पाकुड़, साहेबगंज देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा व जामताड़ा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने की संभावना है। कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रह सकता है। जबकि बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने की संभावना जतायी गयी है। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक जा सकता है।