
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
उरई : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर जनपद जालौन के सैकड़ों शिक्षकों ने मंगलवार को बीएसए कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर विद्यालयों के प्रस्तावित मर्जर का विरोध किया। जिलाध्यक्ष विद्यासागर मिश्र और जिला मंत्री नरेश निरंजन के नेतृत्व में शिक्षकों ने धरना देकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से जिलाधिकारी को सौंपा।
धरने के दौरान वक्ताओं ने सरकार के विद्यालय समायोजन के फैसले को गरीब बच्चों के शिक्षा अधिकार पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम आरटीई अधिनियम 2009 का स्पष्ट उल्लंघन है, जिसमें हर गांव और मजरे में स्कूल की स्थापना का प्रावधान है। शिक्षकों ने मांग की कि विद्यालयों को बंद करने की बजाय उनमें सुविधाओं की वृद्धि की जाए।
धरना सभा में विभिन्न शिक्षक संघों के पदाधिकारियों, ब्लॉक व तहसील प्रतिनिधियों सहित लगभग पांच सौ शिक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक नेता बृजेंद्र राजपूत के आकस्मिक निधन पर शोक सभा भी आयोजित की गई और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
धरने के अंत में सभी ने एकजुट होकर मर्जर योजना के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया

