आई सी आई सी आई बैंक प्रबंधन के द्वारा कर्मचारियों की छंटनी के खिलाफ कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन।

एनपीटी नई दिल्ली ब्यूरो
नई दिल्ली। आई सी आई सी आई बैंक प्रबंधन ने बैंक में कार्यरत हिंदुस्तान की विभिन्न शाखाओं से, हज़ारों कर्मचारियों को बिना कोई नोटिस दिए, बिना कोई सफ़ाई का मौक़ा दिये, मनमाने और ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से नौकरी से निकाल दिया है। इसके खिलाफ़ पीड़ित कर्मचारियों ने आज दिनांक 27 मार्च 2025 को सुबह दस बजे से बैंक के लोधी रोड स्थित ज़ोनल कार्यालय पर एक ज़बर्दस्त विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में लगभग 50 बैंक कर्मियों ने हिस्सा लिया। यह प्रदर्शन ऑल इंडिया बैंक एंप्लाइज यूनिटी फ़ोरम तथा ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर (एआईयूटीयूसी)के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया बैंक एंप्लाइज यूनिटी फ़ोरम के महासचिव जगन्नाथ राय मंडल ने कहा कि आज हम यहाँ अपना विरोध दर्ज कराने और ज़ोनल कार्यालय के माध्यम से एक मेमोरेंडम देने के लिए यहाँ आए हैं।अगर हमारी माँगो पर न्यायसंगत ढंग से विचार करके बरखास्त कर्मचारियों को वापस नहीं लिया जाता है तो हम देश व्यापी आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होंगे। एआईयूटीयूसी के सचिव मंडल सदस्य रमेश पराशर ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा एकमात्र हथियार है कि हम सही नेतृत्व के तहत संगठित होकर अपनी माँगे हासिल करने के लिए लड़ाई लड़ें। पीड़ित कर्मचारियों की ओर से धर्मेंद्र गुप्ता ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। प्रदर्शन के बाद एक ज्ञापन बैंक अधिकारियों द्वारा भेजे गए प्रतिनिधि को सौंपा गया।