अमरोहा

उमड़ा आस्था का जनसैलाब, बूढ़े बाबू के मेले में हजारों ने टेका मत्था।

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलीपुर खादर स्थित प्राचीन बूढ़े बाबू मठ में आयोजित वार्षिक मेले में मंगलवार को आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।ठंड के बावजूद बूढ़े बाबू की ‘जात’ लगाने के लिए आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। भक्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और निजी वाहनों के जरिए मठ पहुंचे, जिससे दिनभर मार्गों पर खासी चहल-पहल रही।​श्रद्धालुओं ने मठ परिसर में परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मन्नतें मांगीं। पूरा परिसर ‘जय बूढ़े बाबू’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर स्थित पवित्र तालाब भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जनश्रुति है कि बूढ़े बाबू की पूजा के बाद इस तालाब के जल का स्पर्श करने से चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है, इसी अटूट विश्वास के साथ भक्तों ने तालाब पर प्रार्थना की।
​धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मेले में मनोरंजन की भी खूब रौनक रही। बच्चों ने झूलों और खिलौनों का आनंद लिया, तो महिलाओं ने घरेलू सामान और सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी की। चाट-पकौड़ी और विभिन्न व्यंजनों के स्टालों पर भी भारी भीड़ जुटी रही। सुरक्षा की दृष्टि से मेला परिसर में पुलिस बल मुस्तैद रहा, जिससे शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button