हापुड़

दस दिन में 200 वाहन सीज, 500 के कटे चालान।

एनपीटी हापुड़ ब्यूरो

हापुड़ जिले में पिछले 10 दिनों में करीब 200 वाहन सीज हुए हैं। जबकि, 500 से ज्यादा वाहनों के चालान कर जुर्माना लगाया गया है। मुख्यमंत्री की सख्ती का असर जिले की सड़कों पर नजर आया है। लोगों को जाम से छुटकारा मिला है।
शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम और अव्यवस्थित यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परिवहन विभाग ने यह फैसला लिया है। अभियान के तहत अनधिकृत वाहनों पर कार्यवाही होगी, नाबालिग चालकों पर प्रतिबंध लगेगा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
जिसके बाद जनपद में अपंजीकृत, बिना नंबर प्लेट, बकाया कर, फिटनेस समाप्त, नाबालिग द्वारा संचालित ई-रिक्शा, ऑटो व अन्य वाहनों के खिलाफ पिछली एक अप्रैल से परिवहन विभाग और यातायात पुलिस मिलकर संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं।
दस कार्यदिवस में हुई कार्यवाही के दौरान करीब 200 वाहन सीज हुए हैं। इसके अलावा 500 से ज्यादा वाहनों के चालान किए गए हैं। जबकि, शुक्रवार को 33 वाहनों का चालान और 12 वाहनों को सीज किया गया है। सीज वाहनों को टीपीनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में खड़ा कराया गया है।
अभियान में शामिल एआरटीओ प्रवर्तन रमेश चौबे, पीटीओ आशुतोष उपाध्याय, यातायात निरीक्षक छवि राम ने यातायात नियमों का पालन करने के लिए वाहन चालकों को जागरूक किया। शुक्रवार को अभियान मेरठ रोड तिराहा तहसील चौराहा व जनपद के अन्य स्थानों पर चलाया गया। यह अभियान इस पूरे माह चलाया जाएगा।
अभियान की मुख्य विशेषताएँ :
– सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
– अनधिकृत वाहनों की वजह से होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
– नाबालिगों के हाथ में स्टेयरिंग नहीं होगी।
– नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button