अमरोहा में नशीली पकौड़ी खिलाकर महिला का अपहरण, किया सामूहिक दुष्कर्म

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमरोहा के डिडोली में रिश्तेदार ने साथियों के साथ मिलकर महिला को नशीली पकौड़ी खिला दीं। बेहोश होने पर उसका अपहरण कर लिया। महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंची महिला ने आपबीती बताई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही एक आरोपी ऋषिपाल उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर लिया है
मूलरूप से रामपुर जिले के एक गांव निवासी महिला पति के साथ डिडौली में किराए पर रहती है। 23 फरवरी की सुबह महिला घर पर थी। इस बीच दूर के रिश्तेदार श्यौनाली निवासी ऋषिपाल उर्फ भोलू व कोशिंदर उनके घर आए। दोनों आलू की पकौड़ी लेकर आए थे और महिला को पकौड़ी खाने को दी, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों ने अपने पांच अज्ञात साथियों के साथ महिला अपहरण कर लिया
आरोपियों ने महिला को फरीदाबाद ले जाकर एक कमरे में बंद कर लिया। आरोप है कि ऋषिपाल, कोशिंदर और उनके पांच साथियों ने महिला के साथ 15 दिन तक सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह महिला आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा, पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर ऋषिपाल, कोशिंदर और उनके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ऋषिपाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं