त्यौहार को ले प्रशासन एक्टिव, आपत्तिजनक- अश्लील गाना बजाने पर प्रतिबंध, सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी पर्व मनाने की अपील

एनपीटी पाकुड़ ब्यूरो,
पाकुड़ (झा०खं०), आगामी 6 अप्रैल को रामनवमी पर्व के मद्देनजर विधि व्यवस्था के सफल संधारण हेतु जिला स्तरीय पदाधिकारियों, सभी थाना प्रभारियों/ बीडीओ- सीओ एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग रविन्द्र भवन टाउन हॉल में उपायुक्त मनीष कुमार व पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार द्वारा की गई। सौहार्दपूर्ण माहौल में रामनवमी का पर्व सम्पन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आप सभी जिला प्रशासन के आंख, कान, हाथ हैं। ऐसे में पूरी चुस्ती से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, नियमित फील्ड से अपने वरीय पदाधिकारियों को फीडबैक देते रहें। दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल में किसी भी तरह से संवादहीनता की स्थिति नहीं रहे, आपस में फोन नंबर साझा करें, आपसी समन्वय से कार्य करे। मजिस्ट्रेट भी जुलूस के साथ चलेंगे, जब तक वरीय पदाधिकारियों द्वारा आदेश नहीं दिया जाता तब तक प्रतिनियुक्ति स्थल से नहीं हटेंगे। विसर्जन घाटों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी जुलूस के विसर्जन का अपडेट कंट्रोल रूम में देते रहेंगे। बीडीओ/सीओ/थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने को कहा। किसी भी तरह की आपत्तिजनक/अश्लील गाने को बजाया नहीं जायेगा। सभी अखाड़ों की वीडियोग्राफी होगी/सोशल मीडिया पर सतत निगरानी होगी। सभी जुलूस में मेडिकिल कीट उपलब्ध हो। जुलूस का जो निर्धारित रूट है, वही रहेगा, इसमें किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा। धार्मिक स्थलों पर भी सभी सम्बन्धित सतर्क रहेंगे।आवश्यकतानुसार संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी- ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। बीडीओ- सीओ/ थाना प्रभारी को अपने सूत्रों को सक्रिय करने का निर्देश दिया। अग्निशमन विभाग/ स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने को कहा। अग्निशमन वाहनों/ एंबुलेंस को जगह- जगह पर प्रतिनियुक्त करने का सम्बन्धित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अलर्ट रहकर अपने दायित्वों का निर्वाहन करेंगे। जिला में कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या घटना पर तुरन्त अपने वरीय पदाधिकारी के साथ कंट्रोल रूम को सूचित करेंगे। सभी थाना प्रभारी अपने सूत्रों को सक्रिय रखेंगे। ऐसे आयोजनों के सफल संचालन में आप सभी सक्षम हैं, पूर्व में भी अपनी प्रतिबद्धता दिखाते आए हैं, पूरा प्रशासन आप सभी के साथ है, जरूरत है कि प्रतिनियुक्त बल ऊर्जा बनाये रखे। सभी बीडीओ, सीओ व थाना प्रभारी सभी अखाड़ा का संयुक्त रूप से निरीक्षण करे। सिविल ड्रेस में भी पुलिस बल की तैनाती की जायेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से असामाजिक गतिविधि या शान्ति व्यवस्था बनाये रखने में बाधा पहुंचाने की कोशिश होती है तो तत्काल वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी करा लें, जुलूस समापन के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। डीसी- एसपी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर निगरानी रखने की बात कही। द्वय पदाधिकारियों ने आमजनों को किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने, अगर कुछ संदिग्ध होता है तो अविलंब स्थानीय बीडीओ/सीओ – थानों प्रभारियों को सूचित करने की अपील की, प्रशासन अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ एवं महेशपुर, जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी उपस्थित थे।