अमरोहा के हसनपुर में कर्ज में डूबा मेडिकल स्टोर संचालक… फंदे पर लटककर दी जान, घर से 40 मीटर दूर मिला शव

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो अमरोहा
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर खुर्द में कर्ज में डूबे मेडिकल स्टोर संचालक नवरंग खड़गवंशी (35) ने घर के पास ही आम के पेड़ के सहारे फंदे पर लटक कर जान दे दी। उन्होंने मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। जिसमें 11 लाख रुपये का कर्ज होने की बात कही है। उनका कहना है कि मरने के बाद परिजनों को परेशान न किया जाए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
गांव शाहपुर खुर्द निवासी छोटे सिंह खड़गवंशी का परिवार रहता है। उनके बेटे नवरंग खड़गवंशी गांव में ही मेडिकल स्टोर चलाते थे। नवरंग खड़गवंशी का घर गांव के बाहरी छोर पर बना है। बताते हैं कि उन पर कई लोगों का कर्जा था। जिसकी वजह से वह काफी दिनों से परेशान चल रहे थे
शुक्रवार की रात को घर से महज 40 मीटर की दूरी पर अपने ही ताऊ के खेत में आम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से लटककर जान दे दी। शनिवार की सुबह उनका शव फंदे से लटका देखा तो परिजनों के होश उड़ गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव फंदे से उतार लिया था। बाद में पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है
मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखा है कि वह कर्ज से बहुत परेशान था। कर्ज चुका नहीं पा रहा था। कई लोगों का उस पर करीब 11 लाख का कर्ज था। कर्ज नहीं चुकाने से परेशान होकर आत्महत्या करने जा रहा हूं। मरने के बाद परिवार के लोगों को परेशान न करें
उधर, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक ने अपने पीछे एक बेटा व दो बेटी छोड़े हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि प्रथम दृष्टतया मामला आत्महत्या का लग रहा है। सुसाइड नोट के हैंडराइटिंग का मिलान कराया जाएगा। मामले की जांच कराई जा रही है