हिंदू युवा वाहिनी द्वारा भव्य शौर्य तिरंगा यात्रा

सेना के वीर जवानों को किया समर्पित
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मुरादनगर:देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों का हौसला बढ़ाने के उद्देश्य से हिंदू युवा वाहिनी द्वारा मुरादनगर में एक भव्य शौर्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा मात्र एक दिन की तैयारी में निकाली गई, लेकिन फिर भी जनसमूह का उत्साह और भागीदारी देखते ही बनती थी।
यात्रा में भारी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय घोष के साथ सेना के जवानों के सम्मान में अपना समर्थन और सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष आयुष त्यागी काकड़ा ने सभी उपस्थित साथियों और पदाधिकारियों का दिल से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने कम समय में सूचना मिलने के बावजूद इस आयोजन को सफल बनाया।
आयुष त्यागी ने कहा, मैं संगठन के सभी साथियों और पदाधिकारियों का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जो इतनी बड़ी संख्या में शहीदों और सेना के जवानों का उत्साह बढ़ाने के लिए पहुंचे। यह राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और सम्मान को दर्शाता है। हिंदू युवा वाहिनी का हर कार्यकर्ता देश के वीर जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
इस अवसर पर भारत माता की आरती की गई और माँ के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की गई। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने देशभक्ति का भाव सेना के प्रति सम्मान और समर्थन व्यक्त किया।