प्रदेश में प्रथम और ऑल इंडिया में छठवां स्थान हासिल करने वाली प्रतिभा का वार्डवासियों ने किया सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
मध्यप्रदेश बैतूल। विवेकानंद वार्ड की होनहार छात्रा प्रतिभा पिंजारे का नेशनल टैलेंट हंट एग्जाम (ANTHE) में प्रदेश में पहला और ऑल इंडिया में छठवां स्थान हासिल करने पर वार्ड वासियों द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम वार्ड के शिव मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आनंद प्रजापति के नेतृत्व में वार्ड के नागरिकों ने प्रतिभा का स्वागत किया और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रतिभा पिंजारे शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल की छात्रा हैं। प्रतिभा ने नेशनल टैलेंट हंट एग्जाम में यह उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने के साथ-साथ 10वीं कक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले की प्रवीण्य सूची में अपना नाम दर्ज किया है।।प्रतिभा विवेकानंद वार्ड निवासी पवन पिंजारे और छाया पिंजारे की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता पर परिवार, शिक्षकों और वार्डवासियों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें भविष्य में और भी ऊँचाइयों को छूने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिभा की मेहनत और संघर्ष की सराहना की और उसे क्षेत्र की गौरवशाली बेटी बताया।
