गड़ई गांव में ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत

सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र के गड़ई गांव में ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में भरसेड़ी गांव निवासी धर्मराज यादव (20) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर 1 बजे की है। निवास चौकी प्रभारी प्रियंका सिंह ने बताया कि दोपहर के समय धर्मराज अपने गांव से सरई की ओर जा रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में युवक की एक तरफ की सभी पसलियां टूट गईं।
स्थानीय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
घायल धर्मराज को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।