कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी से आहत हैं नारी शक्ति

‘‘महिलाओं के साहस और स्वाभिमान पर भी प्रहार है एमपी मंत्री का बयान’’
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
मेरठ। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर का नेतृत्व कर रही कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जहां न केवल पूरे विश्व को भारत की नारी शक्ति का परिचय दे रही थी वहीं ऐसे में मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी और उन्हें आतंकवादियों की बहन बताने से मेरठ ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान के नागरिकों का सिर शर्म से झुका दिया है। उनके इस बयान से एमपी हाईकोर्ट भी खफा हो गया और विजय शाह के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने भी मंत्री की याचिका पर सुनवाई से इंकार कर दिया है। ऐसे विवादित बयान से मेरठ की नारी शक्ति भी आक्रोशित है। पेश है ’नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो चीफ *सचिन कुमार गुप्ता* से बातचीत के अंश-
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की इतिहास विभाग की *प्रो0 आराधना गुप्ता* का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय बहादुर शाह द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की अगुवाई करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में जो अमर्यादित भाषा प्रयोग की गई । वह निंदनीय है । जिम्मेदार पद पर रहते हुए , सार्वजनिक कार्यक्रम में यह ध्यान अवश्य ही रखना चाहिए था कि कर्नल सोफिया ने बेटी होकर भी देश के प्रति अपना फर्ज निभाया। यह किसी के व्यक्तिगत धर्म या हिंदू – मुसलमान का विषय नहीं , वरन् सोफिया की देश के प्रति जिम्मेदारी है जिसे उन्होंने बखूबी अंजाम दिया । भारत में ‘‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते , रमन्ते तत्र देवता’’ कहा जाता है । ऐसे में मंत्री का यह बयान न केवल बेतुका व अशोभनीय है। वरन् महिलाओं के साहस और स्वाभिमान पर भी प्रहार है ।
वार्ड 80 से *पार्षद महसर गुड्डू अंसारी* का कहना है कि ऐसे हालात में जब सारे राजनीतिक दल देश के मुद्दे पर एक सुर में सरकार के साथ खड़े हो गए है, सारे जाति धर्म के लोग सेना का मनोबल बढ़ा रहे है। देशभक्ति की भावना का पूरे देश में प्रदर्शन हो रहा है, ऐसे में भाजपा की ही सरकार के मंत्री का बयान बहुत ही शर्मनाक है, निंदनीय है जिसका संज्ञान माननीय हाइकोर्ट ने भी लिया। भाजपा को चाहिए अपने मंत्री को बर्खास्त करें।
सीसीएस यूनिवर्सिटी में मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष *प्रोफेसर अल्पना अग्रवाल* कहती हैं कि कर्नल सोफिया कुरेशी ने हमारे देश के लिए ऑपरेशन सिन्दूर में मीडिया के माध्यम से अपनी बात को रखा है ऐसे में उनके काम की प्रशंसा करने की बजाय अगर उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पनी की जाती है तो यह वास्तव में बहुत खेद की बात है। सशस्त्र बल शायद इस देश में आखिरी संस्थान है जो ईमानदारी, अनुशासन, बलिदान और अदम्य साहस को दर्शाता है। कर्नल सोफिया ऑपरेशन सिन्दूर को लेकर भारत के पक्ष को मीडिया के माध्यम से सारी दुनिया में रखने वाली टीम का हिसा थी और बहुत ही साहस से उन्हें अपने काम को पूरा करना है। अतः हमारा यह फर्ज बनता है कि हम उनकी प्रशंसा करें ना कि उनके बारे में अशोभनीय टिप्पणी करें।
नोबल कॉलेज मेरठ में समाजशास्त्र विभाग की *प्रो0 रितिका चौधरी* कर्नल सोफिया कुरैशी मेहनत और लगन पर गर्व करते हुए कहती हैं कि देश की बेटी ने देश में एक अलग पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धियों पर हमें गर्व होना चाहिए, न कि उनके प्रति अशोभनीय टिप्पणियाँ करनी चाहिए थी । सोफिया जैसी बेटियाँ हमारे देश की शान हैं और हमें उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना चाहिए। कर्नल सोफिया कुरैशी की कहानी हर भारतीय बेटी को प्रेरित करती है कि हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रयासरत रहें। हमें उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना चाहिए और सोफिया देश की बेटी है जिसके लिए धर्म से पहले देश है आज देश में हर बेटी सोफिया बनना चाहती है और देश सेवा करना चाहती है!
समाजवादी पार्टी की नेत्री *नेहा गौड* का कहना है कि देश की बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी जिन्होंने आपरेशन सिन्दूर को सफल करकर सेना के साथ साथ सम्पूर्ण देश की महिलाओं को गोरनवित किया .. भारतीय जनता पार्टी के ऐसे मंत्री को तत्काल पद से मुक्त किया जाए ऐसे मंत्री को देशद्रोही का मुकाम दिया जाए।। सोफिया कुरैशी जी के साथ समस्त देश की महिलाओं को गर्व है।
राष्ट्रीय मानव एकता संस्था की प्रदेश अध्यक्ष *शालिनी सिंह मसीह* का कहना है कि देश का गौरव, बहादुर सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरेशी को पाकिस्तानियों और आतंकवादियों की बहन बताना ना सिर्फ भारतीय सेना का अपमान है बल्कि उन सभी बेटियों का व भारतीय सेना जिन पर देश को नाज़ है उनका भी अपमान है । देश की जिस बेटी ने भारत पाकिस्तान के युद्ध में अपनी जान पर खेलकर पाकिस्तानी सेना को ईंट का जवाब पत्थर से देने का काम किया और हमारे भारत देश की शान और गौरव को बढ़ाया ऐसी भारत देश की बेटी के लिए मंत्री के द्वारा इतनी अभद्र और गलत टिप्पणी करना बेहद शर्मनाक और निन्दनीय है। हम इसकी घोर निन्दा और विरोध करते हैं। हम भारत सरकार से मांग करते हैं कि मंत्री विजय शाह को तत्काल प्रभाव से पार्टी के सभी पदभार से बर्खास्त किया जाए और उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए । इस बयान से हर देशभक्त को ठेस पहुंची है जिसे कोई भी भारतीय बर्दाश्त नहीं करेगा ।


