उत्तर प्रदेश के अमरोहा में खेल-खेल में बच्चों ने स्टार्ट कर दिया ट्रैक्टर, दादा की फैक्टरी में दबने से पोते की माैत

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमरोहा : सैद नगली थाना क्षेत्र के गांव कनेटा की मढेया में मेंथा फैक्टरी पर खेलते समय ट्रैक्टर स्टार्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक्टर खाई में गिरने से दस वर्षीय विनीत की मौत और उसका चचेरा भाई घायल हो गया। विनीत दो भाइयों में छोटा था।
सैद नगली थाना क्षेत्र के गांव कनेटा की मढेया में दादा की मेंथा फैक्टरी पर बच्चों से खेल-खेल में बड़ा हादसा हो गया। वहां खड़ा ट्रैक्टर बच्चों ने स्टार्ट कर दिया। जो खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर के नीचे दबकर विनीत (10) पुत्र तोताराम की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया।
घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिना कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी की जा रही है। यह घटना सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव कनेटा की मढेया की है। गांव में किसान पन्नालाल सिंह का परिवार रहता है।
पन्नालाल सिंह ने गांव के ही बाहरी छोर पर मेंथा फैक्टरी लगा रखी है। यहां रोजाना पन्नालाल सिंह के परिवार के बच्चे सुबह के समय खेलने के लिए आते थे। शनिवार की सुबह पन्नालाल के बेटे तोताराम का पुत्र विनीत और विनीत का चचेरा भाई अंकुश मेंथा फैक्टरी पर खेल रहे थे।
यहां पर उनका ही एक ट्रैक्टर खड़ा हुआ था। बताते हैं कि ट्रैक्टर गियर में लगा हुआ था। बच्चों ने ट्रैक्टर पर चढ़कर सेल्फ लगा दिया। जिससे वह स्टार्ट हो गया और स्टार्ट होने के बाद ट्रैक्टर आगे की तरफ दौड़ने लगा।
मेंथा फैक्टरी में ईंधन की राख निकालने के लिए खुली हुई खाई में ट्रैक्टर गिर गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर विनीत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंकुश घायल हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह से विनीत को बाहर निकाला गया।
उधर, घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विनीत की मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। विनीत दो भाइयों में छोटा था। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि इस तरह की किसी घटना की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
