अमरोहा में राशन डीलर पर 3 महिलाओं ने लगाया दुष्कर्म का आरोप

पीड़िताओं ने पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय पर किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमरोहा : आदमपुर थाना क्षेत्र में एक राशन डीलर के विरुद्ध तीन महिलाओं ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित महिलाएं अपने परिजनों के साथ पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचीं और प्रदर्शन किया।
कोकापुर गांव की एक पीड़िता ने बताया कि जब वह चारा लेने जंगल गई थी, तब आरोपी राशन डीलर ने तमंचे की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर आदमपुर पुलिस ने मामले में समझौता करा दिया।
7 मई को शाम 6 बजे वही राशन डीलर फिर से हमलावर हुआ। पीड़िता जब पड़ोसी गांव से दावत खाकर लौट रही थी, तब आरोपी ने उसे यूकेलिप्टस के खेत में खींच लिया। पीड़िता के 8 वर्षीय बेटे के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया।
दो अन्य महिलाओं ने भी राशन डीलर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िताओं का कहना है कि आरोपी बेहद दबंग है और हथियार के बल पर अपराध करता है। प्रदर्शन में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। सभी ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।