रांची के डॉ अविनाश व डॉ गीता लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से हुए सम्मानित

रांची, न्यू जर्सी में आयोजित बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (बिजाना) के स्वर्ण जयंती समारोह एवं ग्लोबल कॉन्क्लेव में रांची जिला के मूल निवासी डॉ. अविनाश गुप्ता और उनकी पत्नी डॉ. गीता गुप्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भारत और अमेरिका में स्वास्थ्य सेवा, समाज सेवा और सामुदायिक उत्थान के क्षेत्र में उनके अद्वितीय योगदान के लिए दिया गया। वह वर्तमान में नई जर्सी में रहते हैं। इस मौके पर उपस्थित पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने उन्हें बधाई दी। गुप्ता दंपति ने झारखण्ड के सुदूरवर्ती आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल हेल्थ क्लिनिक के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सेवा, दवाएं, ब्लड टेस्ट, ईसीजी और एक्स-रे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने 115 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 10,000 से अधिक रोगियों का उपचार किया है। भारत में उन्होंने 10-बेड कोविड केयर सेंटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और एंबुलेंस प्रदान कर कई ज़िंदगियाँ बचाईं। अमेरिका में सिद्धिविनायक मंदिर एवं भारतीय सांस्कृतिक केंद्र के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने डेढ़ सौ करोड़ रुपयों से अधिक राशि सामुदायिक कार्यों के लिए एकत्र की। डॉ. गुप्ता ने फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशंस (FIA) के अध्यक्ष के रूप में अमेरिका में सबसे बड़े भारत दिवस परेड का आयोजन किया। जो भारतीय संस्कृति का प्रतीक बन गया है। डॉ अविनाश बिजाना और मोनमाउथ मेडिकल सेन्टर- साउदर्न कैंपस के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वे ओसियन काउंटी बोर्ड ऑफ हेल्थ के सदस्य हैं।
08:31
Forwarded