जालौन

जनपद में सिविल डिफेंस की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ ।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी 75 जनपदों में व्यवस्था होगी लागू।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

जालौन। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सिविल डिफेंस व्यवस्था लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। अभी तक यह व्यवस्था केवल 15 जनपदों में संचालित थी, मा0 मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार अब शेष 60 जनपदों, जिनमें जनपद जालौन भी सम्मिलित है, में सिविल डिफेंस की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि मा0 मुख्यमंत्री जी के निर्देश के अनुपालन में जनपद जालौन में भी सिविल डिफेंस की प्रभावी व्यवस्था लागू की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर इस व्यवस्था के संचालन एवं समन्वय के लिए उन्हें नियंत्रक नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देशित किया है कि सिविल डिफेंस की स्थापना हेतु शीघ्र भूमि चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न केवल आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ बनाएगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में 7 मई को देशव्यापी नागरिक सुरक्षा अभ्यास में सिविल डिफेंस की इकाइयों ने अपनी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, उस समय जनपद जालौन में यह व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार अब जालौन सहित अंबेडकर नगर, अमेठी, औरैया, बलिया, जौनपुर, हाथरस, लखीमपुर खीरी, महोबा, सोनभद्र, सिद्धार्थनगर जैसे आदि जनपदों में भी यह महत्वपूर्ण सेवा प्रारंभ की जाएगी। यह पहल राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे प्रदेश में एक सशक्त एवं संवेदनशील सुरक्षा ढांचा खड़ा किया जा सकेगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button