यूपी गो-सेवा आयोग के सदस्य ने किया गौशालाओं का निरीक्षण बाराबंकी में कन्धईपुर और अम्बौर गौशालाओं की व्यवस्था देखी, अधिकारियों को दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बाराबंकी : उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के सदस्य रमाकान्त उपाध्याय ने शनिवार को बाराबंकी जनपद का दौरा किया। उन्होंने बनीकोडर विकास खंड के कन्धईपुर और मसौली विकास खंड के अम्बौर में स्थित गो-आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपाध्याय ने गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पद्मश्री रामसरन वर्मा के कृषि फार्म का भी दौरा किया। वर्मा द्वारा कृषि क्षेत्र में की गई प्रगति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को उनके अनुभवों से सीखना चाहिए।
जनपद मुख्यालय के लोकसभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अतुल कुमार अवस्थी ने जिले के गो-आश्रय स्थलों की विस्तृत जानकारी दी। उपाध्याय ने किसानों और पशुपालकों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं में पानी, हरा चारा और दाना की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही गर्मी और बारिश से गोवंश के बचाव के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना निदेशक, डीआरडीए, क्षेत्राधिकारी नगर, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
