अमरोहा में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

डीआईजी से शिकायत के बाद भेजा जेल, पीड़िता ने लगाया था विवेचक पर रिश्वत का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमरोहा : नगर कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी आदिल सैफी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कांकर सराय गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
करीब सवा महीने पहले एक विवाहिता ने आदिल सैफी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर पीड़िता ने डीआईजी और एसपी तक शिकायत की। पीड़िता ने विवेचक पर आरोपी से मिलीभगत और पैसे वसूलने का आरोप भी लगाया था।
शहर कोतवाल पंकज तोमर ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की। पीड़िता की ओर से बड़ा कदम उठाने की चेतावनी के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।