मेरठ

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत, पिता और भाई की हालत गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

सरधना। थाना क्षेत्र के जुल्हैड़ा कक्केपुर गांव के जंगल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मेहरमती गणेशपुर निवासी मनोज सैनी सरधना नगर में पांडुशिला रोड पर इलेक्ट्रीशियन की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे वह अपने दोनों पुत्रों, विपिन (22 वर्ष) और वंश (18 वर्ष) के साथ, जुल्हैड़ा के पूर्व प्रधान राजे उर्फ राजेंद्र त्यागी के नलकूप पर समरसेबिल ठीक करने के लिए गए थे। बताया गया है कि वे नलकूप पर समरसेबिल निकालने के लिए चैनकुप्पी की लोहे की तिखंडी लगा रहे थे। इसी दौरान, नलकूप के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से तिखंडी का पाइप छू गया, जिससे पूरे पाइप में करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से विपिन मौके पर ही अचेत हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, मनोज सैनी और वंश भी करंट के तेज झटके से गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद वंश ने तुरंत अपने चाचा राजकुमार को फोन करके घटना की जानकारी दी और साथ ही आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों को मदद के लिए पुकारा। आसपास के ग्रामीणों की सहायता से तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। मनोज सैनी और वंश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button