गोड्डा
23 जून को रांची में होगा कृषक मित्रों का महाजुटान
- मानदेय की मांग को लेकर होगा कृषि मंत्री आवास का घेराव एवं प्रदर्शन।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : राज्य भर के कृषक मित्रों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। आगामी 23 जून को रांची के पंडरा बाजार स्थित कृषि मंत्री आवास के समक्ष कृषक मित्रों द्वारा एकदिवसीय घेराव प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस महाजुटान में प्रदेश के कोने-कोने से हजारों कृषक मित्रों के शामिल होने की संभावना है। उक्त बातें कृषक मित्र के प्रदेश अध्यक्ष पथरगामा प्रखंड निवासी शशि कुमार भगत ने कही। कहा कि “यह आर-पार की लड़ाई है, जब तक हमें सरकार की ओर से सम्मानजनक मानदेय नहीं दिया जाता, हमारा आंदोलन लगातार जारी रहेगा।”
कृषक मित्रों का कहना है कि वे पिछले 15 वर्षों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है।गौरतलब हो कि 27 मई से राज्य भर के कृषक मित्र हड़ताल पर हैं, जिससे खरीफ फसल की तैयारी सहित मिट्टी जांच जैसे अहम कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। स्थिति यह है कि सिर्फ औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जबकि जमीनी स्तर पर काम ठप पड़ा है।
वहीं आंदोलनकारियों ने सभी कृषक मित्रों से अपील की है कि वे इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं और ज्यादा से ज्यादा संख्या में रांची पहुंचकर इस ऐतिहासिक प्रदर्शन को सफल बनाएं। “हम सरकार से सिर्फ हमारा हक मांग रहे हैं, और जब तक हक नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।”



