महिला आयोग उपाध्यक्ष ने महिला बंदीगृह का निरीक्षण किया ।
महिला सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा की

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर) अपर्णा यादव ने जनपद जालौन में महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण एवं समीक्षा की। उन्होंने जिला कारागार स्थित महिला बंदीगृह का औचक निरीक्षण करते हुए बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, साफ-सफाई एवं विधिक सहायता की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि बंदियों को जेल नियमावली के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और विधिक जानकारी के अभाव में बंद महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता दी जाए। इसके पश्चात उन्होंने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में महिला उत्पीड़न मामलों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र, निष्पक्ष न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि बालिकाओं को इस योजना से अधिकाधिक लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।