अमरोहा
अमरोहा से लंदन भेजा गया चौसा आम
मैंगो पैक हाउस से 1200 किलो आम की पहली खेप रवाना, जल्द जापान को भी भेजा जाएगा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : आम का सीजन शुरू हो गया है। मैंगो पैक हाउस से 1200 किलोग्राम चौसा प्रजाति का आम लंदन के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आम कारोबारी इशांत सैनी की मेसर्स अमिया फार्म फ्रेश द्वारा यह खेप हवाई मार्ग से लंदन भेजी गई है। निर्यात से पहले भारत सरकार के प्लांट प्रोटेक्शन क्वारंटाइन विभाग के दो सदस्यों ने आम की गुणवत्ता की जांच की। उनकी मंजूरी मिलने के बाद ही निर्यात संभव हो सका।
कारोबारी इशांत सैनी ने बताया कि जल्द ही आम की एक खेप जापान के लिए भी भेजी जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि मैंगो पैक हाउस का लाभ स्थानीय किसानों और व्यापारियों को मिल रहा है। उन्होंने मैंगो पैक हाउस का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर मंडी सचिव अरविंद कुमार भी मौजूद रहे।