सिंगरौली
शक्तिनगर में ट्रेलर चालकों की मनमानी, डिवाइडर पर चलाते वाहन, लोगों में दहशत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सिंगरौली। शक्तिनगर परिक्षेत्र में कोयला और राख ढोने वाले ट्रक-ट्रेलर चालकों की लापरवाही से आम लोगों की जान खतरे में है। चालक नियमों की अवहेलना करते हुए डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में वाहन चला रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, खदान से कोयला लेने की होड़ में चालक बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाकर मनमाने ढंग से वाहन चला रहे हैं। इससे बाइक सवार और छोटी गाड़ियों के चालकों में दहशत का माहौल है। पहले भी कई लोग ट्रक-ट्रेलर की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं।
बीना अटल गेट के पास मुख्य हाईवे पर यह समस्या विशेष रूप से गंभीर है। यातायात जाम की समस्या के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। राहगीर और खदान के कर्मचारी जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नियम तोड़ने वाले चालकों के साथ-साथ वाहन मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। पुलिस द्वारा ऑनलाइन चालान काटने के बावजूद इस समस्या में कोई सुधार नहीं हुआ है।



