22 जून को मेरठ में निःशुल्क नारायण लिंब माप शिविर का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। नारायण सेवा संस्थान और रोटरी क्लब मेरठ शिवम के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के लिए एक विशाल निःशुल्क नारायण लिंब एवं कैलिपर्स माप शिविर का आयोजन 22 जून, रविवार को गढ़ रोड स्थित ला फ्लोरा रिसोर्ट में किया जाएगा। शिविर का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर की जानकारी शुक्रवार को गढ़ रोड स्थित सात फेरे रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी गई। संस्थान के ट्रस्टी और निदेशक देवेंद्र चौबीसा ने बताया कि ऐसे दिव्यांगजन, जिन्होंने किसी दुर्घटना या बीमारी के कारण अपने हाथ-पैर खो दिए हैं, उन्हें कृत्रिम अंगों के माध्यम से सामान्य जीवन की ओर लौटाने का प्रयास संस्थान निरंतर कर रहा है। पद्मश्री सम्मानित संस्थापक कैलाश मानव की प्रेरणा से नारायण सेवा संस्थान पिछले 40 वर्षों से मानवता की सेवा में संलग्न है।
यह मेरठ में संस्थान का पहला शिविर होगा, जिसमें अनुभवी ऑर्थोटिस्ट और प्रॉस्थेटिक डॉक्टरों की टीम दिव्यांगों का परीक्षण कर उच्च गुणवत्ता युक्त, हल्के एवं टिकाऊ कृत्रिम अंगों के लिए माप लेगी। बाद में एक अन्य शिविर के माध्यम से इन अंगों का वितरण किया जाएगा। चयनित लाभार्थियों को संस्थान के उदयपुर स्थित अस्पताल में निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा भी दी जाएगी।
रोटरी क्लब मेरठ शिवम के प्रोजेक्ट चेयरमैन रो. प्रतीक जैन ने कहा कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें। शिविर प्रभारी हरिप्रसाद लड्ढा ने बताया कि प्रतिभागियों और उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन, चाय और अल्पाहार की व्यवस्था की गई है।
शिविर के आयोजन में संस्थान के आश्रम प्रभारी विशाल शर्मा और जनसंपर्क सहायक बंशीलाल मेघवाल का भी सहयोग रहा। इस दौरान कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन भी किया गया और शहर के गणमान्यजनों व समाजसेवियों को आमंत्रित करने की जानकारी दी गई।


