
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद की रहरा थाना पुलिस को वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ईको वैन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से दो ईको वैन और चोरी किया गया एक इंजन बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अजय पुत्र राम सिंह निवासी चचौरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सफेद रंग की ईको वैन (DL1CX6081), एक काली ईको वैन (DL8CR5502) और चोरी किया गया इंजन (नं0 G12BN372324) बरामद किया है। आरोपी ने चोरी के इंजन को एक अन्य गाड़ी में फिट करने का प्रयास किया था। इस पूरे मामले में रहरा थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया और क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस तत्परता और सटीक कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह के खिलाफ कड़ा संदेश गया है। अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी से जुड़े मामलों की गहराई से जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।



