उरई में मनाया गया 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, प्रभारी मंत्री ने किया नेतृत्व

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई। 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जनपद में “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर उल्लासपूर्वक मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन, उरई में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री संजय सिंह गंगवार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मा० विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, विधायकगण, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दीप प्रज्वलन और स्वागत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि योग भारत की अमूल्य देन है, जो शारीरिक, मानसिक और आत्मिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम उपरांत वृक्षारोपण और योगगुरुओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



