संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित सात अधिकारियों का डीएम ने रोका वेतन

बहराइच। संपूर्ण समाधान में अनुपस्थित रहने वाले सात अधिकारियों का डीएम ने वेतन रोकने का आदेश दिया है। ये अधिकारी तहसील सदर में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में नहीं आए थे। इस मौके पर जिले में कुल 254 मामले आए। इनमें सिर्फ 33 का ही मौके पर निस्तारण हो पाया। आम लोगों की समस्या के समाधान में अधिकारी रूचि नही ले रहे है। इसलिए डीएम की मौजूदगी के बाद भी अधिकारी जन समस्या सुनने के लिए सदर तहसील तक नहीं आए। इस पर नाराज डीएम मोनिका रानी ने 11 बजे जब उपस्थिति रजिस्टर को देखा तो पाया कि बीएसए, अधिशासी अधिकारी लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड बहराइच, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी डूडा जनसुनवाई के लिए उपस्थित नहीं थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सभी अधिकारियों को वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का आदेश दिया। वहीं, इस मौके पर एसपी आरएन सिंह, एसडीएम सदर पूजा चौधरी, सीओ सिटी पहुप सिंह, डीडीओ राज कुमार व अन्य अधिकारियों ने आए हुए फरियादियों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया। इस मौके पर सदर तहसील में 30 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। इसमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार तहसील महसी में उपजिलाधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। महसी समाधान दिवस में मिलीं 49 शिकायतों में मौके पर सिर्फ 3 का ही निस्तारण हो सका। समाधान दिवस में उदवापुर की रमपता ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 वर्ष पूर्व सालिक राम से खरीदी गई जमीन पर राम खेलावन ने मड़हा बना लिया है। वह बगल में गड्ढा खोदकर मछली पालन कर रहा है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। लोधन गोलवा गांव की सुसमा और अब्दुल कलाम ने महमूद फार्म के पास अवैध निर्माण की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के इशारे पर उनके नातेदारों ने गाटा संख्या 820, 821 की जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। चंदपाइया के डिहुवा निवासी मंगन विहारी ने बाबूलाल पर बैनामा की गई जमीन पर दीवार न बनाने देने का आरोप लगाया। इस मामले को सीओ महसी ने तहसील मुख्यालय चौकी प्रभारी को सौंप दिया है। उपजिलाधिकारी आलोक प्रसाद ने सभी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सीओ डी के श्रीवास्तव, बीडीओ हेमंत कुमार यादव, नायब तहसीलदार अनिल प्रकाश शुक्ल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पयागपुर में एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान का आयोजन किया गया। वहां 57 में पांच तो कैसरगंज में 42 में तीन, नानपारा में 45 में नौ और मिहींपुरवा में 31 में केवल दो प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया जा सका।



