आजसू के स्थापना दिवस समारोह में उमड़े कार्यकर्ता, राजधानी को झंडा–बैनर से सजाया, बंगाल और ओडिशा से पहुंचे कार्यकर्ता
Workers gathered in large numbers in AJSU's foundation day celebrations, the capital was decorated with flags and banners, workers arrived from Bengal and Odisha

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। आजसू पार्टी ने अपना स्थापना दिवस आज ’बलिदान दिवस’ के रूप में मनाया। केन्द्रीय स्तर पर मुख्य समारोह खेलगांव के हरिवंश टाना भगत इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। समारोह को केन्द्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष सह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर, डोमन सिंह मुंडा, संजय बसु मल्लिक, हसन अंसारी, राजेंद्र मेहता, हरेलाल महतो, बादल महतो, नजरुल हसन हाशमी, श्रीमती यशोदा देवी, जिप अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भगत, संजय मेहता, बबलू महतो, टिकैत महतो समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। समारोह में झारखंड के 24 जिलों एवं 264 प्रखंडों से कार्यकर्ता भाग लेने पहुंचें। सभी जिलों तथा प्रखंडों में व्यापक तैयारी की गई थी। समारोह में बंगाल के मेदिनीपुर, पुरुलिया और ओडिशा के कई इलाकों रायरंगपुर, बारीपाडा आदि से भी कार्यकर्ता पहुंचे। उत्तरी छोटानागपुर में जहां सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो तथा लंबोदर महतो तैयारी में लगे, वहीं दक्षिणी छोटानागपुर में डॉ देवशरण भगत, राजेंद्र मेहता, श्रीमती निर्मला भगत आदि ने सभी जिलों में बैठक की। कोल्हान में प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, हरेलाल महतो, दामु बानरा, संथाल परगना में जोनाथन टुडू एवं प्रवीण प्रभाकर और पलामू में हसन अंसारी ने कार्यकर्ताओं को लामबंद किया। समारोह स्थल टाना भगत इनडोर स्टेडियम के भीतर शहीदों और महापुरुषों के चित्र लगाये गये थे। समारोह की तैयारी को लेकर रांची महानगर के कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर तथा खेलगांव को पार्टी के झंडा और बैनर से सजाया तथा वरिष्ठ नेताओं के कट आउट चौराहों पर लगाए। समारोह स्थल पर भी नेताओं के कट आउट लगाए गए थे। विभिन्न मोहल्लों से महानगर कार्यकर्ता मोटरसाइकिल जुलूस की शक्ल में खेलगांव स्थित समारोह स्थल पहुंचे। समारोह स्थल पर ही रक्तदान शिविर लगाया गया था, जिसमें दर्जनों कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। आजसू पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने स्थापना दिवस समारोह में कहा है कि झामुमो ने झारखण्ड आन्दोलन की सौदेबाजी की, जबकि आजसू ने संघर्ष किया। आजसू ने 1986 से 2000 तक सांसद–विधायक बनाए बिना संघर्ष किया। सुदेश महतो ने कहा है कि हेमंत सरकार चोरी और लूट नहीं, जनता के अधिकारों की डकैती में जुटी है। जनता इस सरकार से मात्र छह माह में ही त्रस्त हो चुकी है। आजसू कार्यकर्ता हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने की तैयारी करे। महतो ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जाति जनगणना की घोषणा का आजसू स्वागत करती है। हमारी मांग है कि जाति के आधार पर आरक्षण दिया जाए। महतो ने कहा कि झारखंड निर्माण में बंगाल और ओडिशा के साथियों की भी भूमिका रही है। राज्य के अंदर चलने वाली सबसे लम्बी लड़ाई है झारखंड आंदोलन। उन्होंने कहा कि आजसू ने झारखंड के लिए संघर्ष किया और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपाई ने अलग राज्य निर्माण किया। महतो ने कहा कि आज से आजसू एक नए तेवर में दिख रही है। अब राज्य के नवनिर्माण का संकल्प लेकर यहां से हमलोग जायेंगे। महतो ने कहा कि राज्य को एक नई सोच के साथ आगे लेकर जाने की आवश्यकता है। वर्तमान हेमंत सरकार झूठ बोलकर और गुमराह कर राजनीति कर रही है। महिलाओं को सत्ता हासिल करने का आधार बनाया गया और अब छह लाख महिलाओं का नाम मइया योजना से काटा जा रहा है। इसका जवाबदेह कौन होगा? महतो ने कहा कि सारा तंत्र जनता को धमकाने में लगा है। जमीन के नाम पर सारा अपराध हो रहा है। एक जमीन की छह बार रजिस्ट्री हो रही है और सीओ तथा थाना फर्जी करने वालों के पक्ष में वास्तविक मालिक को प्रताड़ित करते हैं। महतो ने कह की न तो नियोजन नीति बनी, न विस्थापन नीति और न ही स्थानीय नीति। इस सरकार को जनता की कोई चिंता नहीं।



