राशन वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन : कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक कर राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी व समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपात्र कार्डधारकों को सूची से बाहर कर पात्र लाभार्थियों को जोड़ने, ई-केवाईसी व आधार सीडिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा ‘जीरो पॉवर्टी अभियान’ के लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उचित दर दुकानों पर प्रवर्तन जांच अभियान चलाकर घटतौली या गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एफसीआई की लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए उन्होंने समय से खाद्यान्न लोडिंग व उठान सुनिश्चित करने को कहा।
निरस्त उचित दर दुकानों का शीघ्र आवंटन कर वितरण प्रणाली को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जांच अधिकारी कार्डधारकों से संवाद कर फीडबैक लें तथा वितरण के दौरान नामित नोडल अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य रहे। अनुपस्थित अधिकारियों की ब्लॉकवार सूची प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला, खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

