
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मुक्ति के लिए अभियान जारी है। रविवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के बैनर तले चलो गांव की ओर अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान में गांव-गांव जाकर श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मुक्ति के लिए जनसर्थन मांगा जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के पहले पड़ाव स्थल महोली (मधुवन) से चलो गांव की ओर अभियान की शुरुआत की है। इस मुहिम में युवा वर्ग को शामिल किया जाएगा। ये गांव-गांव में चौपाल लगाकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को मजबूत करेंगे। महेंद्र प्रताप ने बताया कि चौथे चरण के इस अभियान में न्यास गांव गांव जाकर हिंदुओं को संगठित करने का कार्य करेगा। इस अभियान से श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को विधर्मियों द्वारा तोड़ने का इतिहास भी याद दिलाया जाएगा। चिंतामणि कुंज वृंदावन के महामंडलेश्वर स्वामी आदित्यानंद गिरी महाराज ने इस आंदोलन में लोगों से एकजुटता का आह्वान किया है। इस मौके पर पार्षद राजवीर सिंह उर्फ गुड्डी प्रधान, गिर्राज सिंह, देवीराम काका, अर्जुन सिंह, प्रेमपाल सिंह, पप्पन, जगदीश सिंह और सौदान सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।



