अमरोहा
हसनपुर में 3 महीने से जलभराव की समस्या
सड़क पर पानी फैलने से दुर्घटना का खतरा, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
हसनपुर : ब्लॉक के शाहपुर कलां गांव में नाले का पानी सड़क पर फैल गया है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
ग्रामीण अहसान के अनुसार सड़क पर पिछले 3 महीने से नाला चौक होने के कारण गंदा पानी जमा है। यह पानी संक्रामक बीमारियों का कारण बन सकता है। जलभराव से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और राहगीरों को इस मार्ग से आने-जाने में मुश्किल हो रही है।
ग्रामीण संदीप ने बताया कि उन्होंने इस समस्या के लिए ग्राम प्रधान से शिकायत की थी। लेकिन अभी तक जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों ने कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन में संदीप कुमार, रशीद, सद्दाम, शहाबुद्दीन, अख्तर, दिलशाद, मुबारक, मुस्तकीम, मुजफ्फर और अहसान सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।


