मोदीनगर
मोदीनगर एंबुलेंस समय पर नहीं आई, महिला ने ऑटो में दिए जुड़वा बच्चों को जन्म
गर्मी में अस्पताल गेट पर तड़पती रही महिला, तीन घंटे बाद पहुंची आशा वर्कर

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
मोदीनगर में स्वास्थ्य व्यवस्था की एक और तस्वीर सामने आई है जो सिस्टम पर सवाल खड़े करती है। यहां मानवता पुरी कॉलोनी की रहने वाली वैंजन देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल आशा वर्कर और एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन न तो वक़्त पर मदद पहुंची और न ही कोई सुविधा।
एंबुलेंस न आने पर परिजन महिला को ऑटो में बैठाकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। लेकिन अस्पताल के गेट तक पहुंचते ही वैंजन देवी की हालत बिगड़ गई। तेज गर्मी और इंतजार के बीच महिला को करीब 20 मिनट तक ऑटो में ही तड़पना पड़ा।
आख़िरकार, डॉक्टरों ने ऑटो में ही डिलीवरी करवाई। महिला ने एक पुत्र और एक पुत्री को जन्म दिया। अस्पताल प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार के मुताबिक, बच्चों का वजन औसत से कम है, लेकिन तीनों की हालत स्थिर है। उन्होंने लापरवाही के आरोपों को खारिज किया और आशा वर्कर की देरी पर जांच की बात कही है।




