गोड्डा
भाजपा का हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत हेमंत सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा : प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय के सामने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्य सरकार के खिलाफ आयोजित हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। वहीं आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा मेहरमा मंडल अध्यक्ष पासवान ने किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार, कुशासन और जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार ने आम जनता को केवल ठगने का काम किया है। युवा बेरोजगार हैं, किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा, और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जवाबदेही की मांग की और चेतावनी दी कि अगर जल्द ही जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां और झंडे थे, जिन पर सरकार विरोधी नारे लिखे थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनी रही और शांति पूर्वक प्रदर्शन संपन्न हुआ।



