जनता दरबार में फरियादी की बिजली बिल समस्या का हुआ त्वरित समाधान, 1.22 लाख का बिल घटाकर किया 10 हजार
The electricity bill problem of the complainant was resolved immediately in Janta Darbar, the bill of Rs. 1.22 lakh was reduced to Rs. 10 thousand
सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। जिले के समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित जनता दरबार में बुधवार को एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जब उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के निर्देश पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने एक फरियादी का बढ़ा-चढ़ा बिजली बिल तत्काल सुधार दिया। पाकडीह निवासी साबिर अंसारी ने जनता दरबार में अपनी शिकायत रखते हुए बताया कि वह हर माह नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, फिर भी मार्च 2025 में अचानक उनका बिजली बिल 1, 22, 000 आ गया। उन्होंने बिल सुधार के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। जनता दरबार की सूचना मिलने पर साबिर अंसारी उपायुक्त रवि आनंद के समक्ष पहुंचे और अपनी समस्या रखी। उपायुक्त ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया, जिसके बाद बिल की समीक्षा कर 1. 22 लाख की राशि घटाकर 10000 कर दी गई। बिल में सुधार होते ही फरियादी साबिर अंसारी ने खुशी जाहिर की और उपायुक्त रवि आनंद समेत झारखण्ड सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी संवेदनशील होते हैं, तो जनता की समस्याओं का समाधान भी त्वरित और प्रभावी ढंग से होता है। यह पहल आम जनता के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि जनता दरबार के माध्यम से वे अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।


