अमरोहा
गंगा स्नान करने पहुंचे युवक की मौत
अमरोहा में पत्नी के साथ स्नान करने आए थे, हेलमेट उतारते ही बिगड़ी तबीयत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला थाना क्षेत्र स्थित तिगरी गंगा धाम में एक दुखद घटना सामने आई। अमावस्या के अवसर पर स्नान करने आए एक युवक की मौत हो गई।
संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव गढ़वाली निवासी जयपाल सिंह बुधवार सुबह करीब 9 बजे अपनी पत्नी सुशीला देवी के साथ तिगरी गंगा धाम पहुंचे थे। घाट पर पहुंचकर जैसे ही जयपाल ने अपना हेलमेट उतारा, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजन तुरंत उन्हें गजरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद जयपाल को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। जयपाल की पत्नी सुशीला देवी बार-बार बेहोश हो रही हैं।



