गोड्डा
करंट से मवेशी की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा,पथरगामा : प्रखंड अंतर्गत भलसुधिया गाँव के समीप ट्रांसफार्मर से करंट प्रवाहित होने के कारण एक बार फिर एक मवेशी की मौत हो गई। यह घटना बुधवार की सुबह घटित हुई जब पशुपालक छबिलाल ठाकुर अपने मवेशी को चराने के लिए ले गए थे। वहीं मवेशी मालिक छबिलाल ठाकुर ने बताया कि मैं रोज की तरह अपने मवेशी को चराने ले गया था। चरते-चरते वह ट्रांसफार्मर के पास चला गया और अचानक जोर का झटका लगा और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।गौरतलब है कि ठीक एक सप्ताह पहले भी इसी स्थान पर करंट लगने से एक अन्य मवेशी की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से पशुपालकों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने की माँग की है।
इस संबंध में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता ने कहा कि बरसात के मौसम में ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरणों के आसपास करंट रिसाव की आशंका बढ़ जाती है। सभी पशुपालकों से अनुरोध है कि वे सावधानी बरतें और मवेशियों को ट्रांसफार्मर या बिजली उपकरणों के पास न ले जाएँ। उन्होंने कहा कि बरसात में बिजली फाल्ट होने की भी संभावना बढ़ जाती है, यदि कहीं भी ऐसी जानकारी मिलती है तो अविलंब विभाग को सूचित करें। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा उपाय किए गए होते, तो यह घटना टाली जा सकती थी। अब सभी की निगाहें प्रशासन और विद्युत विभाग पर हैं कि वे आगे क्या कदम उठाते हैं।



