आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मानित
हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया गया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। विकास भवन सभागार में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘आपातकाल दिवस’ कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लोकतंत्र की रक्षा में योगदान देने वाले सेनानियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत आपातकाल पर आधारित लघु फिल्म के प्रदर्शन से हुई, जिसमें उस दौर की घटनाओं और लोकतंत्र के संघर्ष को दर्शाया गया। इसके बाद सामूहिक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया गया।
राज्यसभा सांसद ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कहा कि यह वह समय था जब संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने न केवल स्वयं प्रताड़नाएं झेलीं, बल्कि उनके परिवारों ने भी गंभीर कष्ट सहे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन सेनानियों के संघर्ष से प्रेरणा लें और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सजग रहें।
कार्यक्रम में महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, पीडीडीआरए सुनील कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों सतीश, राकेश शर्मा, कृष्णकांत, प्रदीप जैन, सतेंद्र, कुंवरजीत, राकेश, राधेश्याम, हरिशचंद्र, राजेश गुप्ता आदि को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेनानियों और उनके परिजनों ने अपने अनुभव भी साझा किए, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने।



