बरेली
कांवड़ यात्रा की तैयारी में जुटे अफसर
एडीजी ने अमरोहा में किया रूट का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अमरोहा का दौरा किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के साथ कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मुरादाबाद से ब्रजघाट तक प्रस्तावित कांवड़ मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान रूट डायवर्जन, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा, मेडिकल सुविधा और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के लिए निर्देश दिए गए।
एडीजी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन प्राथमिकता होगी। यात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। महिला सुरक्षा और मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
एसपी अमरोहा अमित कुमार आनंद ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयार हैं। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी धनौरा श्वेताभ भास्कर, थाना गजरौला प्रभारी अखिलेश प्रधान, यातायात प्रभारी अनुज मलिक और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहे।



