मथुरा
मथुरा जंक्शन पर मुड़िया मेले में तीन दर्जन ट्रेनों का 5 मिनट होगा ठहराव

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। मुड़िया मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को ट्रेन से उतरने व चढ़ने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए रेलवे अधिकारियों ने जंक्शन पर करीब तीन दर्जन ट्रेनों का ठहराव दो मिनट के स्थान पर 5 मिनट करने का निर्णय लिया है। इससे श्रद्धालु को भीड़ में परेशानी नहीं होगी। रेलवे जंक्शन से रोजाना अप-डाउन लाइन पर 380 से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है। इनमें से 72 ट्रेनों का ठहराव जंक्शन पर किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रोजाना के मुताबिक मेले में अधिक यात्री आएंगे। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए रेलवे लगातार व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि तीनों प्रवेश द्वार पर यात्रियों के लिए व्यवस्था की गई है। रेलवे जंक्शन के अधिकारियों ने बताया कि मुड़िया पूर्णिमा मेले में कई शहरों से श्रद्धालु आते हैं। जंक्शन के गेट नंबर दो पर गोवर्धन जाने के लिए यात्रियों को बसे मिलेंगी। यात्रियों को परेशानी नहीं हो इसके लिए वाणिज्य विभाग की टीमें तैनात रहेगी। वहीं दिल्ली और आगरा की ओर से आने वाली सभी ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों को दिक्कत न हो इसके लिए सभी प्लेटफार्म पर जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी तैनात रहेंगे। रेलवे पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि मेले के दौरान 33 ट्रेनों का ठहराव 2 से 5 मिनट करने का निर्णय लिया है। इससे यात्री जल्दबाजी में न उतरकर आराम से उतर सकें।



