मथुरा

वृंदावन में यीडा का क्षेत्रीय कार्यालय आरंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मथुरा क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ मंगलवार को वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान परिसर में किया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुण वीर सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मथुरा क्षेत्र में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी और शासन से अनुमोदित अर्बन नोड के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण व विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से यह क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया गया है। इस पहल से अब विकास से जुड़ी प्रक्रियाओं के लिए लोगों को नोएडा तक नहीं दौड़ना पड़ेगा। कार्यालय के सभागार में सीबीआरई और यीडा की योजना इकाई द्वारा हेरिटेज सिटी की विशेषताओं पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। वहीं समारोह के दौरान गीता शोध संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं ने श्रीकृष्ण लीला पर आधारित सुंदर नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। डॉ. अरुण वीर सिंह ने गीता शोध संस्थान को सांस्कृतिक नृत्य कला के संवर्धन हेतु यीडा फंड से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। कार्यालय स्थापना में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप की विशेष भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारी जैसे कपिल सिंह, शैलेंद्र भाटिया, राजेंद्र भाटी, आनंद मोहन सिंह, नंद किशोर सुंदरियाल, वीरेंद्र सिंह, राजबीर सिंह आदि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त गौतमबुद्ध नगर के एडीएम राजेश कुमार, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद द्विवेदी, ओएसडी प्रसून द्विवेदी और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button