बरेली
आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले पांच खुराफातियों को पकड़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र में खुराफातियों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में बुधवार रात तीन लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा देखी तो आक्रोश फैल गया। मौके पर बाबा साहब के अनुयायी जुट गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राहुल सिंह, एसडीएम, तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से घटना की जानकारी की।
जानकारी के मुताबिक गंगापुर गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर बीते एक माह से विवाद चल रहा था। इस बीच बाबा साहब के अनुयायियों ने प्रशासन की बिना अनुमति लिए ग्राम समाज की भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर दी। बुधवार देर रात तीन लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, जिसमें तीन युवक बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करते दिख रहे हैं।



