जामताड़ा

पाकडीह न्यू कॉलोनी में गहराया बिजली संकट

ग्रामीणों ने उठाई 100 केवीए ट्रांसफार्मर की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा।  जामताड़ा-करमाटांड़ मुख्य पथ पर स्थित घनी आबादी वाला क्षेत्र पाकडीह न्यू कॉलोनी इन दिनों गंभीर बिजली संकट से जूझ रहा है। क्षेत्र में लगे एकमात्र ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड होने के कारण 150 से अधिक घरों में कम वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। खासकर न्यू कॉलोनी के करीब 90 से 95 घरों में बिजली आपूर्ति अत्यंत कमजोर हो गई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता सीमित होने के बावजूद उस पर ज्यादा उपभोक्ताओं को जोड़ दिया गया है, जिससे रात के समय पंखे नहीं चलते, फ्रिज और टीवी काम नहीं करते, और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। स्थानीय निवासी शमशेर आलम, हाशिम मियां, तारा आलम, मनोज शर्मा, बबलू शर्मा, निसार अंसारी और फारूक अंसारी समेत अन्य लोगों ने बताया कि लोग बांस के सहारे बिजली के तार खींचकर बिजली का उपयोग कर रहे हैं। कई जगहों पर तार सड़क से मात्र 7-8 फीट की ऊंचाई पर लटक रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। व्यापारियों ने भी बिजली की अनियमितता पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि बिजली की खराब आपूर्ति के चलते दुकानों में लाइट और कूलिंग की व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। वही जर्जर तारों और खंभों की कमी के चलते लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गये हैं। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन एवं खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री को एक आवेदन सौंपा है, जिसमें पाकडीह न्यू कॉलोनी में 100 केवीए क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर अविलंब स्थापित करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आन्दोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ बिजली की समस्या नहीं, बल्कि जनजीवन और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button