गोड्डा
एंटी ड्रग मुहिम के तहत हुआ हैलोवीन परेड का आयोजन ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : जिला खेल, कला संस्कृति, पर्यटन एवं युवाकार्य निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित “मादक पदार्थों के दुरुपयोग के रोकथाम हेतु जागरूकता सप्ताह” के समापन कार्यक्रम के तहत जिला खेल कार्यालय द्वारा गुरुवार शाम स्थानीय पुराना समाहरणालय परिसर से कारगिल चौंक होते हुए मिशन चौक और फिर मिशन चौक से वापस चिल्ड्रंस पार्क तक भव्य एवं आकर्षक हैलोवीन परेड का आयोजन किया गया। जिला कला – संस्कृति संयोजक सुरजीत झा के नेतृत्व आयोजित परेड में गुरुकुल डांस एकेडमी, डी डांस एकेडमी, पी एंड डी डांस एकेडमी, नटराज डांस एकेडमी एवं डॉल्फिन डांस एकेडमी के बच्चे भूत – प्रेत, बेताल और चुड़ैल के बेहद डरावने मेकअप एवं पोशाक में हाथों में एंटी ड्रग्स मुहिम से संबंधती स्लोगन की पट्टी लिए सड़कों पर उछलते – कूदते एवं चीखते – चिल्लाते निकले। बच्चों ने अपने गेटअप एवं अभिनय से बाजार के लोगों और राहगीरों को खूब आकर्षित किया। इससे पहले जिला खेल पदाधिकारी डॉ० प्राण महतो ने पुराना समाहरणालय से हरी झंडी दिखाकर परेड को रवाना किया और स्वयं परेड के साथ चले। अपने संबोधन में डीएसओ डॉ० महतो ने कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमे सर्वप्रथम अपने बच्चों पर ना सिर्फ सतत निगरानी रखनी होगी बल्कि इस विषय पर उनसे मित्रवत चर्चा कर उन्हें इसके दुष्परिणाम की जानकारी देनी होगी। इस अवसर पर खेल विभाग के डीएससी रोहित प्रत्यय, डीएलटीएस आलोक कुमार, कर्मी सौरभ कुमार, कला – संस्कृति से जुड़े गणमान्यों में लोक मंच सचिव सर्वजीत झा “अंतेवासी”, रेनबो म्यूजिकल ग्रुप के मनोज कुमार पप्पु, मनीष कुमार सिंह एवं अमित सिंह, कोरियोग्राफर आरती सिंह, प्रेमचंद महतो, आकाश सोनी मोनालिसा कुमारी, नंदिनी महतो एवं अभिषेक, पहलवान राहुल कुमार एवं पियूष कुमार साह, कला प्रेमी साकेत सिंह, पूनम रंजन, रिम्मी कुमारी, रूपम झा, पुतुल देवी, विशेखा कुमारी एवं रीना सेन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।



