थाना समाधान दिवस में एडीएम ने सुनीं शिकायतें, लापरवाह अफसर पर कार्रवाई के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन,उरई : शनिवार को उरई कोतवाली परिसर में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य की अध्यक्षता में थाना संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एडीएम ने मौके पर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
एडीएम मौर्य ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे स्वयं मौके पर जाकर समस्याओं की जांच करें और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करें।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशों का हवाला देते हुए एडीएम ने कहा कि थाना समाधान दिवस में सभी विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। इस दौरान खंड विकास अधिकारी डकोर की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए एडीएम ने उनका एक दिन का वेतन रोकने और प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह, कोतवाली प्रभारी अरुण राय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कई जनसमस्याओं का निस्तारण भी मौके पर किया गया।



