थाना सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी गई जनसमस्याएं, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन,कालपी : थाना कालपी परिसर में शनिवार को थाना सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी मंच बन गया है, जिससे जनता का विश्वास बढ़ा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ितों की शिकायतों का पारदर्शी ढंग से समाधान करें। कार्यक्रम में भूमि विवाद, आपसी रंजिश, घरेलू हिंसा, अवैध कब्जे, रास्ता अवरोध सहित कई शिकायतें प्राप्त हुईं। कुछ का निस्तारण मौके पर किया गया, जबकि अन्य की जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने व लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।



