नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित बाइक हादसा, पबिया में युवक-युवती गंभीर रूप से घायल
Uncontrolled bike accident on National Highway, young man and woman seriously injured in Pabiya

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे (NH-114A) के अंतर्गत नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक जामताड़ा की ओर से नारायणपुर की ओर जा रही थी। पबिया के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों सवार सड़क पर जा गिरे और उनकी आरएस बाइक (R15) सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय राजगीरों और ग्रामीणों की मदद से तुरंत नारायणपुर थाना को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस को बुलाकर दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रशासन मौके पर पहुंचकर उनकी पहचान की कोशिश कर रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और सावधानी की कमी से होने वाले खतरों की ओर ध्यान खींचा है।


