मेरठ
राजघाट दौड़ में जुबेर मलिक को द्वितीय स्थान, सरधना में भव्य स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मोहल्ला आज़ाद नगर निवासी होनहार छात्र जुबेर मलिक ने दिल्ली के ऐतिहासिक राजघाट गांधी दर्शन में आयोजित 5000 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। देशभर से आए 150 प्रतिभागियों में शानदार प्रदर्शन कर जुबेर ने यह उपलब्धि बिना किसी विशेष प्रशिक्षण के अपने दम पर हासिल की।
प्रतियोगिता का आयोजन समाजसेविका डॉ. सुनीता द्वारा किया गया था। जुबेर वर्तमान में सेंट चार्ज इंटर कॉलेज, सरधना में कक्षा 11 का छात्र है और पूर्व में भी मंडल स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में भाग ले चुका है।
दिल्ली से लौटने पर सरधना में उसका जोरदार स्वागत हुआ। देवी मंदिर पर ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन हुआ और जुलूस के रूप में उसे मोहल्ला आज़ाद नगर तक लाया गया। नगर अध्यक्ष अशरफ राणा, युवा नेता आफताब अंसारी, सिराजुद्दीन मलिक सहित कई गणमान्य नागरिकों ने सम्मानित कर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मीडिया से बातचीत में जुबेर ने कहा कि यह सफलता माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों की प्रेरणा का परिणाम है। उसका सपना है कि वह देश के लिए खेले और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करे।


