मोदीनगर-हापुड़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मोदीनगर : मोदीनगर-हापुड़ मार्ग पर खंजरपुर गेट के सामने बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने मोपेड को सामने से टक्कर मार दी, जिससे मोपेड सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव सुजानपुर अखाड़ा निवासी 60 वर्षीय अमरपाल सिंह सुबह 11 बजे मोपेड से मोदीनगर की ओर जा रहे थे। खंजरपुर गेट के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से अमरपाल कई फीट दूर जा गिरे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अमरपाल को मोदीनगर के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे पिंटू ने मोदीनगर थाने में शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



