बेतुल

बैतूल कोटवार ने जेसीबी से बंद किया रास्ता

बाडिया खापा के किसानों ने की शिकायत 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मुलताई तहसील के ग्राम बाडिया खापा के किसानों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि वर्षों पुराने पैतृक रास्ते को गांव के कोटवार द्वारा जेसीबी चलाकर बंद कर दिया गया है। इससे किसान अपने खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और खेती की तैयारी ठप हो गई है। रास्ता बंद होने से मवेशियों को भी लाना-ले जाना मुश्किल हो गया है। किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर रास्ता बहाल किया जाए।
ग्राम के समस्त कृषकों ने कलेक्टर बैतूल को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि ग्राम कोटवार अनुज पिता जसराम ने वर्षों पुराने उनके खेतों तक जाने वाले रास्ते को जेसीबी मशीन चलवाकर खुदवा दिया है। कोटवार ने नाली और पत्थरों से रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे कई किसानों के खेतों में इस वर्ष बुवाई तक नहीं हो पाई है।
किसानों का कहना है कि उनकी पैतृक कृषि भूमि ग्राम बाडिया खापा के खसरा नम्बर 308/1 एवं 308/2 में स्थित है। यह भूमि पूर्व में कुसना वल्द जयराम की थी, जिसे शासन द्वारा अधिग्रहित कर लिया गया था और ग्राम कोटवार को आवंटित की गई थी। किसानों ने बताया कि वे इस भूमि से अपने पूर्वजों के समय से लगातार आना-जाना और खेती करते आ रहे हैं।
अब कोटवार अनुज द्वारा इस रास्ते को रोक देने से खेत तक पहुंचना बंद हो गया है, मवेशियों को भी ले जाना मुश्किल हो गया है। किसानों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोटवार द्वारा किया गया यह कार्य अन्यायपूर्ण है।
ग्रामीणों ने इस बात पर भी नाराजगी जताई है कि खेतों की बुवाई का समय निकल रहा है और रास्ता नहीं खुला तो उनकी आजीविका संकट में पड़ सकती है। ऐसे में कलेक्टर बैतूल से मांग की गई है कि कोटवार अनुज के खिलाफ कार्रवाई कर पुराने रास्ते को यथाशीघ्र बहाल कराया जाए ताकि किसान अपनी खेती और पशुपालन का कार्य बिना बाधा के कर सकें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button