“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत भाजपाइयों ने किया वृक्षारोपण
"हर नागरिक लगाए एक वृक्ष, करें उसकी सेवा मां की तरह" – डॉ. चन्द्रमोहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत : पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बल देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत बागपत शहर के चमरावल रोड स्थित सेंट एंजेल्स पब्लिक स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी डॉ. चन्द्रमोहन ने स्वयं वृक्षारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
“वृक्ष मां जैसे होते हैं, इनकी सेवा भी उतनी ही जरूरी”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. चन्द्रमोहन ने कहा,
“प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल उसी भावना से करनी चाहिए, जैसे वह अपनी मां की करता है।”
उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि धरती के असली रक्षक हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान एक जनांदोलन का रूप ले चुका है, जिसका उद्देश्य जनमानस को प्रकृति से जोड़ना और वृक्षों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाना है।
“वृक्ष नहीं लगाए तो भविष्य संकट में होगा”
कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल तोमर ने कहा कि
“यदि आज हम पर्यावरण की रक्षा के लिए वृक्षारोपण नहीं करेंगे, तो आने वाले समय में भीषण गर्मी, जल संकट और प्रदूषण जैसी भयावह समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।”
कार्यक्रम में कई गणमान्य जन रहे उपस्थित
इस अवसर पर सेंट एंजेल्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजय गोयल, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पवन शर्मा, सहसंयोजक रविंद्र आर्य, मंडल अध्यक्ष डॉ. मनीष कुशवाहा, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजगोपाल कश्यप, बब्लेश वशिष्ठ, मुनेश कुमार, गौरव शर्मा, प्रशांत चौहान, सुमित कुमार, मनीष धामा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।



